जिला कारागार का आकस्मिक निरीक्षण, बैरकों में आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली

महराजगंज। जिला कारागार महराजगंज में शुक्रवार को जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने संयुक्त रूप से आकस्मिक निरीक्षण किया। अचानक हुए निरीक्षण को लेकर जेल प्रशासन में भी सक्रियता बढ़ गई। अधिकारियों ने कारागार की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही विभिन्न बैरकों और बंदियों की गहनता से जांच की।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक सहित जेल का स्टाफ और पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने जिला कारागार की सभी बैरकों का निरीक्षण किया और बंदियों की भी तलाशी ली। इस दौरान बैरकों में किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक अथवा प्रतिबंधित वस्तु नहीं मिली।
जेल अधीक्षक ने अधिकारियों को बताया कि कारागार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जाता है। जेल अधीक्षक और जेल स्टाफ द्वारा समय-समय पर बैरकों की जांच कर बंदियों की गतिविधियों पर नजर रखी जाती है।
निरीक्षण के दौरान कारागार में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। पुलिस अधीक्षक ने जेल अधीक्षक को निर्देशित किया कि कारागार की नियमित रूप से सघन जांच जारी रखी जाए। विशेष रूप से शातिर किस्म के बंदियों की गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी कहा कि कारागार में निरुद्ध बंदियों की गतिविधियों के संबंध में आवश्यक जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि जेल की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाए रखा जा सके। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।




