CEIR पोर्टल की मदद से 110 खोए मोबाइल बरामद, छह माह में 628 फोन लौटाए

महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में महराजगंज पुलिस की सर्विलांस सेल ने CEIR पोर्टल और तकनीकी सर्विलांस की मदद से 110 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 27 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पिछले छह माह में CEIR पोर्टल के माध्यम से अब तक कुल 628 मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 78 लाख रुपये है। बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए।
सर्विलांस सेल ने IMEI आधारित ट्रैकिंग, तकनीकी विश्लेषण और अन्य आधुनिक संसाधनों की मदद से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन तलाशे। विगत छह माह में प्राप्त प्रार्थना-पत्रों पर कार्रवाई करते हुए यह बरामदगी की गई।
23 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मोबाइल स्वामियों को बुलाकर आवश्यक वैधानिक औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद उनके फोन सौंपे गए। खोया मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने महराजगंज पुलिस का आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सर्विलांस सेल की टीम की सराहना करते हुए कहा कि तकनीक आधारित पुलिसिंग के माध्यम से नागरिकों की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल CEIR पोर्टल पर उसे ब्लॉक कराने के साथ नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस के मुताबिक बरामद मोबाइलों में कई फोन भीड़भाड़ वाले बाजारों, मंडियों, सार्वजनिक परिवहन, पार्कों, धार्मिक स्थलों और आयोजनों में गिरने या छूटने के कारण गुम हुए थे। कुछ मोबाइल बाइक चलाते समय जेब से गिरने तथा बच्चों के खेलते समय कहीं छूट जाने के मामले भी सामने आए।
बरामदगी करने वाली टीम: क0ऑ0 ग्रेड-बी शिवानन्द पासवान, मुख्य आरक्षी मो. कुतुबुद्दीन, मुख्य आरक्षी राजकुमार राजभर, मुख्य आरक्षी आलोक पाण्डेय, आरक्षी सुधीर कुमार यादव, आरक्षी सूरज गुप्ता, आरक्षी नीरज कुमार तथा जनपद के विभिन्न थानों पर CEIR पोर्टल से जुड़े कर्मचारी।




