महराजगंज में पोखरी की सार्वजनिक भूमि अतिक्रमणमुक्त, राजस्व टीम ने पुलिस बल के साथ हटाया कब्जा

महराजगंज। तहसील फरेन्दा के राजस्व ग्राम सेमरा महराज में सार्वजनिक उपयोग की पोखरी की भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाकर उसे अतिक्रमणमुक्त कराया गया। कार्रवाई राजस्व टीम एवं पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।
प्रशासन के अनुसार, ग्राम सेमरा महराज में गाटा संख्या 554, रकबा 0.049 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में पोखरी के रूप में दर्ज है। सार्वजनिक उपयोग की इस भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण के संबंध में 04 जून 2026 को बेदखली आदेश पारित किया गया था।
आदेश के अनुपालन में राजस्व टीम द्वारा पूर्व में मौके का सीमांकन कराया गया था। साथ ही अतिक्रमणकारियों को अवैध कब्जा स्वयं हटाने के लिए निर्धारित अवधि का अवसर दिया गया था। निर्धारित समय बीतने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया।
इसके बाद राजस्व टीम ने दोबारा मौके पर पहुंचकर भूमि का सीमांकन कराया, जिसमें अतिक्रमण यथावत पाया गया। इसके बाद 15 सितंबर 2026 को राजस्व टीम एवं पुलिस बल की मौजूदगी में सार्वजनिक उपयोग की पोखरी की भूमि से अवैध अतिक्रमण हटवा दिया गया।
प्रशासन की ओर से यह कार्रवाई माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में की गई। अतिक्रमण हटाए जाने के बाद सार्वजनिक उपयोग की भूमि को अतिक्रमणमुक्त करा दिया गया।




