आगामी श्रावण माह एवं त्योहारों के दृष्टिगत नौतनवा कस्बे में पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

महराजगंज: आगामी श्रावण माह, कांवड़ यात्रा एवं विभिन्न पर्व-त्योहारों को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से नौतनवा कस्बे में पुलिस ने फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह के नेतृत्व में थाना नौतनवा पुलिस ने पर्याप्त पुलिस बल के साथ कस्बे के प्रमुख संवेदनशील, भीड़भाड़ वाले एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस टीम ने बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों एवं आमजन से संवाद स्थापित कर आपसी सौहार्द, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। साथ ही लोगों को अफवाहों से दूर रहने और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा असत्य सूचना प्रसारित न करने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस ने आमजन से अपील की कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें या आपातकालीन सेवा 112 पर सूचना करें।
आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल और अधिक मजबूत हुआ। महराजगंज पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्त, सतर्क निगरानी और प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था लगातार सुनिश्चित की जा रही है।




