Uncategorized

महराजगंज में थाना समाधान दिवस: 57 शिकायतें पहुंचीं, 10 का मौके पर निस्तारण

महराजगंज। जनपद के सभी थानों पर शनिवार, 8 अगस्त 2026 को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

थाना समाधान दिवस में पूरे जनपद से कुल 57 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 10 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने सर्किल के थानों पर पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। वहीं, सभी थाना प्रभारियों ने भी अपने-अपने थानों पर समाधान दिवस का आयोजन कर शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना।

 

भूमि विवादों के निस्तारण पर विशेष जोर

 

पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने भूमि विवाद से जुड़े मामलों के निस्तारण को लेकर विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें मौके पर जाकर दोनों पक्षों की मौजूदगी में निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करें।

 

पुलिस-राजस्व की संयुक्त कार्रवाई से फरियादियों को अपनी शिकायत के समाधान के लिए अलग-अलग विभागों और कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इस पर भी जोर दिया गया।

 

इसके साथ ही थाना स्तर, आईजीआरएस अथवा अन्य माध्यमों से प्राप्त भूमि संबंधी शिकायतों को थाना समाधान दिवस रजिस्टर में दर्ज करने और दोनों पक्षों को बुलाकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

 

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भूमि विवाद से संबंधित मामलों में त्वरित, निष्पक्ष और न्यायपूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को समय से राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!