बेटे पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया वारदात में प्रयुक्त चाकू

महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज श्री शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना घुघली पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार थाना घुघली पर दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 150/2026, धारा 109(1), 351(3) एवं 352 बीएनएस के तहत वांछित अभियुक्त बंशीधर यादव पुत्र स्वर्गीय घुरहू, निवासी बिशनपुर गबड़ुआ, थाना घुघली, जनपद महराजगंज को हरपुर महंथ जाने वाले खड़ंजा मार्ग से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त ने अपने ही बेटे पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया।
आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राकेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल रिंकू कन्नौजिया तथा कांस्टेबल अमित कुमार यादव शामिल रहे।




