Uncategorized

ग्राम रोजगार सेवकों ने सौंपा ज्ञापन, रोजगार सृजन सप्ताह के बहिष्कार और विधानसभा घेराव की चेतावनी

बृजमनगंज (महराजगंज)। लंबित मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्राम रोजगार सेवकों ने शुक्रवार को विकास खंड बृजमनगंज के खंड विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने 23 नवंबर से शुरू होने वाले विशेष रोजगार सृजन सप्ताह के कार्य बहिष्कार और 3 दिसंबर 2026 को लखनऊ विधानसभा घेराव की चेतावनी दी है।

ग्राम रोजगार सेवक लंबे समय से मानदेय वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, ईपीएफ भुगतान समेत अन्य विभागीय समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। 13 नवंबर को आयुक्त, ग्राम्य विकास विभाग के साथ हुई वार्ता में समस्याओं के समाधान के लिए एक सप्ताह का समय मांगा गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी कोई ठोस निर्णय नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी है।

संगठन ने निर्णय लिया है कि 21 नवंबर से 23 नवंबर को शुरू होने वाले विशेष रोजगार सृजन सप्ताह के दौरान प्रदेशभर के ग्राम रोजगार सेवक कार्य बहिष्कार करेंगे। मानदेय बढ़ाकर 24 हजार रुपये प्रतिमाह करने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा सहित अन्य मांगों पर तत्काल निर्णय नहीं होने पर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार की भी चेतावनी दी गई है।

इसके अलावा 27 नवंबर को जिला मुख्यालय और 3 दिसंबर को लखनऊ विधानसभा का घेराव करने का ऐलान किया गया है। ज्ञापन में कहा गया कि जनपद महराजगंज के ग्राम रोजगार सेवक भी संगठन के निर्णय के अनुसार आंदोलन में शामिल होंगे।

ज्ञापन पर राममिलन, लक्ष्मी सिंह, पूजा राय, दिव्य प्रकाश, मनीष कुमार यादव, महादेव प्रसाद समेत कई ग्राम रोजगार सेवकों के हस्ताक्षर हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!