कोल्हुई थाने का अर्धवार्षिक निरीक्षण, लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी फरेंदा सुश्री दीप शिखा वर्मा ने बुधवार को थाना कोल्हुई का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और पुलिस कार्यप्रणाली का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय, मालखाना, बैरक, मेस, शस्त्रागार एवं महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया गया। क्षेत्राधिकारी ने थाने के विभिन्न अभिलेखों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने जनसुनवाई को प्राथमिकता देते हुए आमजन की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। महिला हेल्प डेस्क पर आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई तथा मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा लंबित विवेचनाओं और प्रार्थना पत्रों की समीक्षा कर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। शस्त्रों की नियमित साफ-सफाई, मालखाने में माल-मुकदमाती के व्यवस्थित रखरखाव एवं नियमानुसार निस्तारण पर भी जोर दिया गया।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रात्रि गश्त, प्रभावी चेकिंग तथा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश पुलिसकर्मियों को दिए गए।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी कोल्हुई सहित थाने के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




