महराजगंज में बड़ा पुलिस फेरबदल, 7 थानाध्यक्ष बदले
धर्मेंद्र कुमार सिंह को कोतवाली का प्रभारी निरीक्षक बनाया गया

महराजगंज। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने और अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस फेरबदल में एक निरीक्षक समेत कुल 8 पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है, जबकि 7 थानाध्यक्षों की तैनाती में बदलाव किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह, जो अब तक थाना पनियरा के प्रभारी निरीक्षक थे, उन्हें प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बनाया गया है।
वहीं उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार सिंह को जनसुनवाई सेल से हटाकर थानाध्यक्ष घुघली की जिम्मेदारी दी गई है। उपनिरीक्षक आलोक कुमार सिंह, चौकी प्रभारी मिठौरा, थाना सिंदुरिया को थानाध्यक्ष कोल्हुई बनाया गया है।
इसी क्रम में उपनिरीक्षक कुंवर गौरव सिंह को थानाध्यक्ष कोल्हुई से थानाध्यक्ष पनियरा, उपनिरीक्षक सूरज कुमार को थानाध्यक्ष घुघली से थाना नौतनवा, उपनिरीक्षक विशाल कुमार शुक्ला को थानाध्यक्ष सिंदुरिया से थानाध्यक्ष सोनौली, उपनिरीक्षक महेन्द्र कुमार मिश्रा को थानाध्यक्ष सोनौली से थानाध्यक्ष श्यामदेउरवा तथा उपनिरीक्षक अनूप तिवारी को थाना ठूठीबारी से थानाध्यक्ष सिंदुरिया की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने स्थानांतरित अधिकारियों को अपने नवीन दायित्वों का पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
इस प्रशासनिक फेरबदल को जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




