बांसी में भीषण आग के बीच पुलिस ने 8 लोगों को किया रेस्क्यू, टली बड़ी जनहानि

सिद्धार्थनगर। थाना कोतवाली बांसी क्षेत्र के सर्राफा बाजार स्थित सीएस मोहल्ले में शनिवार को एक भवन के निचले तल पर भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना मिलते ही बांसी पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। पुलिसकर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना भवन में प्रवेश कर फंसे हुए 8 लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया।
घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक बांसी मृत्युंजय पाठक पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और फायर सर्विस व उच्चाधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद, क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान (IPS) तथा क्षेत्राधिकारी बांसी शुबेन्दु सिंह मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का नेतृत्व किया।
बताया गया कि घटनास्थल तक जाने वाला रास्ता काफी संकरा था, जिसके चलते बड़ी फायर सर्विस गाड़ी को माधव मेला ग्राउंड में खड़ा करना पड़ा। इसके बाद छोटी फायर सर्विस गाड़ी को घटनास्थल के नजदीक पहुंचाकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया।

इसी दौरान आग की तीव्रता के चलते भवन में रखे दो गैस सिलेंडरों में विस्फोट हो गया और लकड़ी की छत भी क्षतिग्रस्त हो गई। परिस्थितियां बेहद जोखिमपूर्ण होने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने साहस दिखाते हुए भवन में प्रवेश किया और अंदर फंसे सभी 8 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू किए गए लोगों में एक व्यक्ति पक्षाघात से पीड़ित था। पुलिसकर्मियों ने विशेष प्रयास कर उसे सुरक्षित बाहर निकाला और तत्काल उपचार के लिए बांसी अस्पताल भेजवाया।
पुलिस और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास के मकानों एवं क्षेत्र में फैलने से रोक दिया। पुलिस की त्वरित, साहसिक और मानवीय कार्रवाई से समय रहते संभावित बड़ी जनहानि को टाल दिया गया।




