सिद्धार्थनगर पुलिस लाइन में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, एसएसपी ने किया ध्वजारोहण

सिद्धार्थनगर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पुलिस लाइन सिद्धार्थनगर में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस दौरान राष्ट्रगान की धुन के साथ पुलिसकर्मियों ने देश की आजादी के स्वर्णिम इतिहास को याद किया।
इससे पूर्व एसएसपी ने कैंप कार्यालय पर भी ध्वजारोहण किया। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय तथा जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों, प्रभारी निरीक्षकों और थानाध्यक्षों ने अपने-अपने कार्यालयों एवं थानों पर ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी।
पुलिसकर्मियों को दिलाई कर्तव्य और निष्ठा की शपथ
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संकल्प पत्र पढ़कर पुलिसकर्मियों को भारत की संप्रभुता, लोकतांत्रिक मूल्यों, आपसी भाईचारे और बंधुता को मजबूत करने तथा सभी मतभेदों को शांतिपूर्ण तरीके से दूर करने की शपथ दिलाई। उन्होंने पुलिस परिवार के सभी सदस्यों, जनपदवासियों और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस समारोह में वर्षभर सराहनीय कार्य करने तथा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई में योगदान देने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदत्त प्रशंसा चिन्ह एवं पदक तथा प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए।
प्रशंसा चिन्ह रजत से अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद और निरीक्षक अरविन्द कुमार शाही, प्रभारी यूपी-112 सिद्धार्थनगर को सम्मानित किया गया। सेवाभिलेख के आधार पर मु0आ0स0पु0 मुन्ने खाँ, पुलिस लाइन को भी प्रशंसा चिन्ह रजत प्रदान किया गया।
गृह मंत्रालय के उत्कृष्ट एवं अति उत्कृष्ट सेवा पदक की घोषणा
सेवा अभिलेख के आधार पर भारत सरकार, गृह मंत्रालय के उत्कृष्ट एवं अति उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए जनपद के 15 पुलिसकर्मियों का चयन हुआ है। इनमें अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद को उत्कृष्ट सेवा पदक, जबकि नि0ना0पु0 विजय नरायन, विजय बहादुर सिंह, उ0नि0ना0पु0 संजय कुमार त्रिपाठी और तेज प्रताप सिंह को अति उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए चयनित किया गया है।
इसके अलावा संतोष कुमार तिवारी, संतोष कुमार यादव, विपिन कुमार नायक, संजय कुमार चौरसिया, धर्मेन्द्र सिंह, राकेश कुमार सिंह, सच्चिदानन्द दूबे, राजू गौतम, गार्डेन कुमार और सुशील कुमार गुप्ता को उत्कृष्ट सेवा पदक के लिए चयनित किया गया है। पदक प्राप्त होने के बाद उन्हें प्रदान किया जाएगा।
यूपी-112 के कर्मियों को भी मिला सम्मान
यूपी-112 मुख्यालय से उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति-पत्र प्राप्त करने वाले पीआरवी कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें चन्दन कुमार, पवन दूबे, अजीत कुमार, राजकुमार, सचिन यादव, सुरेन्द्र कुमार, धीरज कुमार, राजकुमार भट्ट, प्रदीप भट्ट और सूर्यकान्त मिश्रा शामिल हैं।
समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।




