सिद्धार्थनगर: 10 दिन में तीसरी बड़ी वारदात, तीवर गांव में दो घरों से लाखों की चोरी, इलाके में दहशत

सिद्धार्थनगर। जिले के मिश्रौलिया थाना क्षेत्र की चेतिया चौकी अंतर्गत तीवर गांव में बीती रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब आठ दिन पहले निहलवा गांव में भी लाखों रुपये की लूट की घटना हुई थी। अब महज 10 दिनों के भीतर तीन बड़ी आपराधिक घटनाओं ने क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
लगातार हो रही वारदातों के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है। वहीं, पुलिस की रात्रि गश्त और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि घटना के खुलासे के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




