कोल्हुई: दरोगा पर मजदूर को थाने में पीटने और रिश्वत मांगने का आरोप, मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार
विपक्षियों पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप, उल्टे पीड़ित का शांतिभंग में चालान; दरोगा ने आरोपों को नकारा, जमीनी विवाद में निरोधात्मक कार्रवाई की बताई वजह

महराजगंज।कोल्हुई थाने में तैनात दरोगा रविप्रकाश यादव पर गरीब मजदूर को थाने में बंद कर मारपीट करने और रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित ने विपक्षियों पर कार्रवाई नहीं होने और उल्टे खुद का शांतिभंग में चालान किए जाने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिकायती पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
कोल्हुई थाना क्षेत्र के राजमंदिर कला टोला बगही निवासी शिवकुमार पासवान ने शिकायत में आरोप लगाया है कि बीते 21 अक्टूबर को गांव के कुछ लोगों ने उनके पिता के साथ मारपीट की थी। इस मामले में थाने पर तहरीर दी गई थी, जिसकी जांच दरोगा रविप्रकाश यादव को सौंपी गई थी।
पीड़ित का आरोप है कि जांच के दौरान दरोगा ने उनसे रिश्वत की मांग की। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण रुपये नहीं दे पाने पर विपक्षियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें ही परेशान किया जाने लगा।
शिकायती पत्र के मुताबिक, पांच नवंबर को शिवकुमार परसौनी गांव में पेंटिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान दरोगा अपने हमराहियों के साथ पहुंचे और उन्हें थाने ले गए। आरोप है कि वहां एक कमरे में बंद कर लाठियों से पिटाई की गई। इसके बाद पुलिस ने उनका शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि विपक्षियों से समझौता नहीं कराने पर पूरे परिवार को बर्बाद करने की धमकी दी गई। मामले में उन्होंने मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच और संबंधित दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
दरोगा ने आरोपों को नकारा
वहीं, इस मामले में दरोगा रविप्रकाश यादव ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि मामला जमीनी विवाद से जुड़ा है और इसी सिलसिले में संबंधित लोगों को थाने बुलाया गया था। दरोगा के मुताबिक, मामले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।
अब सवाल यह है कि जमीनी विवाद के मामले में निरोधात्मक कार्रवाई किन परिस्थितियों में की गई? पीड़ित द्वारा लगाए गए मारपीट और रिश्वत मांगने के आरोपों की निष्पक्ष जांच होगी या नहीं? फिलहाल, दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के बीच मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।




