सोलर पैनल चोरी की शिकायत, पुलिस ने अब तक दर्ज नहीं किया मुकदमा

महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के कोल्हुई बाजार निवासी साबिर खां के खेत में लगे सोलर पंप के दो सोलर पैनल चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि 20 सितंबर 2026 की रात ग्राम पंचायत परसौना में सोसाइटी रोड के पास स्थित खेत से अज्ञात चोर दो सोलर पैनल चोरी कर ले गए।
पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई और चोरी हुए सोलर पैनलों की बरामदगी की मांग की थी। हालांकि, पीड़ित के मुताबिक पुलिस ने अब तक चोरी का मुकदमा दर्ज नहीं किया है।
पीड़ित का कहना है कि घटना से उसे आर्थिक नुकसान हुआ है। अब सवाल उठ रहा है कि शिकायत के बावजूद चोरी की घटना में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई क्यों नहीं शुरू की? पीड़ित ने अधिकारियों से मामले में संज्ञान लेकर मुकदमा दर्ज कराने और चोरी हुए सोलर पैनलों की बरामदगी की मांग की है।




