ध्वनि प्रदूषण पर महराजगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 261 डीजे संचालकों को नोटिस

महराजगंज। ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और जनपद में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए महराजगंज पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों, मैरिज हॉल और डीजे संचालकों की जांच की गई।
अभियान के दौरान निर्धारित समय-सीमा और डेसिबल मानकों का उल्लंघन करने वाले 261 डीजे संचालकों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई। वहीं, शासन की अनुमति के बिना अथवा मानक के विपरीत लगाए गए 39 लाउडस्पीकर हटवाए गए।
जांच के दौरान 95 लाउडस्पीकरों की आवाज निर्धारित मानक से अधिक पाई गई। पुलिस ने मौके पर ही उनका वॉल्यूम कम कराकर निर्धारित सीमा के अनुरूप कराया।
पुलिस ने कार्रवाई के साथ स्थानीय धर्मगुरुओं, प्रबुद्धजनों और डीजे संचालकों के साथ संवाद भी किया। उन्हें ध्वनि प्रदूषण से संबंधित न्यायालय एवं शासन की गाइडलाइंस की जानकारी देते हुए बुजुर्गों, बीमार लोगों और छात्र-छात्राओं को तेज आवाज से होने वाली परेशानी को लेकर जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने निर्देश दिए हैं कि ध्वनि मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।




