सिद्धार्थनगर: नेपाल तस्करी की कोशिश नाकाम, 3 बोरी यूरिया खाद और साइकिल के साथ युवक पकड़ा गया
43वीं वाहिनी SSB की नरकुल सीमा चौकी की टीम ने सीमा स्तंभ संख्या 547 के पास की कार्रवाई, आरोपी को ककरहवा कस्टम के हवाले किया

सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) की सीमा चौकी नरकुल की टीम ने तीन बोरी यूरिया खाद के साथ एक युवक को पकड़ा है। आरोपी के पास से यूरिया खाद के अलावा एक साइकिल भी बरामद हुई है।
जानकारी के अनुसार, 01 अगस्त 2026 को प्राप्त आसूचना के आधार पर सीमा चौकी नरकुल की टीम सीमा स्तंभ संख्या 547 के समीप गश्ती ड्यूटी पर तैनात थी। इसी दौरान जवानों ने बसंतपुर गांव की ओर से नेपाल जाने की कोशिश कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को देखा। बताया जा रहा है कि सीमा के नजदीक पहुंचने पर संदिग्ध व्यक्ति की नजर गश्ती दल पर पड़ी और उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद साइकिल पर लदी यूरिया खाद की तीन बोरियां बरामद हुईं। पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान अमित कुमार यादव (21 वर्ष), पुत्र वीरेंद्र कुमार यादव, निवासी ग्राम बिहरी, पोस्ट पंचगया बिहरी बिर्दपुर, थाना कपिलवस्तु, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई।
एसएसबी ने बरामद तीन बोरी यूरिया खाद, एक साइकिल और पकड़े गए व्यक्ति को अग्रिम आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क विभाग, ककरहवा के सुपुर्द कर दिया।
43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की ओर से बताया गया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों और तस्करी की रोकथाम के लिए एसएसबी लगातार अभियान चला रही है। इस दौरान तस्करी के सामान, मानव तस्करी, नशीली दवाओं, अवैध मुद्रा, वन्यजीव और अन्य प्रतिबंधित उत्पादों की आवाजाही पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए संबंधित आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



