CEIR रैंकिंग में महराजगंज पुलिस का शानदार प्रदर्शन, यूपी में तीसरे स्थान पर

महराजगंज। गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के मामले में महराजगंज पुलिस ने प्रदेश स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। पुलिस तकनीकी सेवाएं मुख्यालय, उत्तर प्रदेश की जुलाई 2026 की CEIR डेटा रिपोर्ट के अनुसार महराजगंज पुलिस ने 75.21 फाइनल स्कोर के साथ पूरे प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है। वहीं गोरखपुर जोन/रेंज में महराजगंज को प्रथम स्थान मिला है।
दूरसंचार विभाग (DoT) के नए रैंकिंग पैटर्न के आधार पर जुलाई माह की समीक्षा में महराजगंज पुलिस ने मोबाइल रिकवरी के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में सर्विलांस सेल और जनपद के विभिन्न थानों की CEIR टीमों ने IMEI आधारित ट्रैकिंग, तकनीकी विश्लेषण और आधुनिक संसाधनों की मदद से गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन को ट्रेस किया।
पुलिस के अनुसार, जुलाई माह में ट्रेस किए गए मोबाइलों में 88.54 प्रतिशत रिकवरी एक्यूरेसी स्कोर हासिल किया गया। वहीं पिछले पांच महीनों में महराजगंज पुलिस ने कुल 518 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.51 करोड़ रुपये बताई गई है। बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया गया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, CEIR पोर्टल के प्रभावी इस्तेमाल से मोबाइल फोन की IMEI के आधार पर निगरानी और तकनीकी विश्लेषण कर उनकी लोकेशन एवं उपयोग से संबंधित जानकारी जुटाई गई, जिसके बाद कई मोबाइल फोन बरामद किए गए।
इस उपलब्धि में महराजगंज पुलिस की सर्विलांस टीम के साथ-साथ जनपद के सभी थानों की CEIR टीमों की भूमिका रही। पुलिस विभाग ने टीम के इस प्रदर्शन को तकनीकी संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल और लगातार की जा रही निगरानी का परिणाम बताया है।
सर्विलांस टीम में शामिल पुलिसकर्मी:
कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-बी शिवानन्द पासवान, मुख्य आरक्षी कुतुबुद्दीन, मुख्य आरक्षी राजकुमार राजभर, मुख्य आरक्षी आलोक पाण्डेय, आरक्षी सुधीर कुमार यादव, आरक्षी सूरज गुप्ता और आरक्षी नीरज कुमार गोंड सहित जनपद के सभी थानों की CEIR टीमें।




