Uncategorized

बरामदे में सोता रहा परिवार, घर से दो संदूक उठा ले गए चोर

सिद्धार्थनगर। मोहाना थाना क्षेत्र के ककरहवा चौकी अंतर्गत मगरहियां गांव में शुक्रवार रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोर घर के पीछे के रास्ते से अंदर दाखिल हुए और कमरे में रखे दो संदूक चोरी कर ले गए। सुबह परिजनों के जागने पर घटना की जानकारी हुई।

मगरहियां गांव निवासी सुरेश ने ककरहवा चौकी पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह परिवार के साथ रोजाना की तरह शुक्रवार रात घर के बरामदे में सो रहे थे। शनिवार सुबह जब परिवार के लोग जागे तो एक कमरे का दरवाजा खुला मिला। कमरे में रखे दोनों संदूक भी गायब थे। तलाश करने पर चोरी की घटना का पता चला।

बताया गया कि चोर घर से ले जाए गए संदूकों को खंगालने के बाद खेत में छोड़कर फरार हो गए। चोरी हुए सामान में सोने का मंगलसूत्र, कान का झाला, कान के टॉप्स, मांग का टीका, चांदी की दो पायल, बिछुआ समेत अन्य जेवरात शामिल हैं। इसके अलावा संदूक में रखी करीब ढाई हजार रुपये की नकदी भी चोर उठा ले गए। पीड़ित ने चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई है।

घटना की सूचना मिलते ही ककरहवा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

सीमा क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मोहाना थानाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह ने बताया कि चोरी की घटना के संबंध में तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!