संविधान दिवस पर एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिसकर्मियों को दिलाई शपथ, संवैधानिक मूल्यों के पालन का लिया संकल्प

महराजगंज। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पुलिस कार्यालय महराजगंज में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना पढ़कर शपथ दिलाई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों और सिद्धांतों के प्रति निष्ठा रखते हुए अपने कर्तव्यों का निष्पक्षता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एसपी ने पुलिस सेवा में संविधान के मूल सिद्धांतों को आत्मसात करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की जिम्मेदारी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करना, पारदर्शिता के साथ कार्य करना और जनसेवा की भावना से अपने दायित्वों का निर्वहन करना भी है।
उल्लेखनीय है कि प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था, जबकि 26 जनवरी 1950 को यह पूर्ण रूप से लागू हुआ।
संविधान दिवस का उद्देश्य नागरिकों को उनके मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व जैसे लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की गरिमा बनाए रखने, कानून के प्रति सम्मान रखने तथा संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ ली।




