Uncategorized

सादा पन्ना अपलोड मामले में जांच लंबित, डीएम से निष्पक्ष जांच की मांग

जांच की मूल पत्रावली सुरक्षित रखने और संबंधित कर्मियों को हटाने की उठाई मांग

सिद्धार्थनगर : बर्डपुर । विकास खंड बर्डपुर के ग्राम बर्डपुर नंबर-7, टोला धर्मपुर निवासी विकास कुमार साहनी ने सादा पन्ना अपलोड किए जाने के कथित मामले में जांच लंबित होने पर जिलाधिकारी से शिकायत कर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता ने जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए मामले की मूल पत्रावली सुरक्षित रखने तथा जांच किसी स्वतंत्र विभाग से कराने की मांग की है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, पूर्व में सादा पन्ना अपलोड किए जाने के मामले को लेकर उन्होंने माननीय लोकायुक्त, लखनऊ के समक्ष शिकायत की थी। उक्त शिकायत की जांच प्रभारी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) बर्डपुर मनोहर लाल बरनवाल ने की थी। उस दौरान विकास खंड कार्यालय में अधिकारियों की मौजूदगी में भविष्य में सादा पन्ना अपलोड नहीं किए जाने का आश्वासन दिया गया था। आरोप है कि आश्वासन के बावजूद नियमों की अनदेखी करते हुए दोबारा सादा पन्ना अपलोड किया गया।

विकास कुमार साहनी का कहना है कि इस मामले में उन्होंने पुनः शिकायत की थी, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा जिला पंचायत राज अधिकारी, सिद्धार्थनगर को जांच का आदेश दिया गया। लेकिन शिकायतकर्ता का आरोप है कि जांच अब तक लंबित है। जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में शिकायत की प्रगति जानने पहुंचने पर शिकायत पटल के लिपिक संजय तिवारी द्वारा समय न होने का हवाला देकर उन्हें बार-बार टाल दिया जाता है।

शिकायतकर्ता ने प्रभारी सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) मनोहर लाल बरनवाल और शिकायत पटल लिपिक संजय तिवारी के बीच कथित मिलीभगत की आशंका जताते हुए जांच को प्रभावित किए जाने तथा पत्रावली में संलग्न महत्वपूर्ण साक्ष्यों से छेड़छाड़ की आशंका व्यक्त की है।

उन्होंने जिलाधिकारी से जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में लंबित शिकायत की मूल पत्रावली तत्काल अपने संरक्षण में मंगाने, पंचायत राज विभाग के बजाय किसी अन्य स्वतंत्र विभाग से निष्पक्ष जांच कराने तथा जांच अवधि में संबंधित कर्मियों को वर्तमान दायित्व से हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है। साथ ही मामले में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर विभागीय एवं वैधानिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!