सिद्धार्थनगर: नेपाल सीमा पर पटाखों की तस्करी की कोशिश नाकाम, 50.800 किलो पटाखे के साथ एक गिरफ्तार

सिद्धार्थनगर: शोहरतगढ़। दीपावली पर्व के मद्देनजर भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शोहरतगढ़ पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने चेकिंग के दौरान एक युवक को करीब 50.800 किलोग्राम पटाखों के साथ गिरफ्तार किया है। मौके से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को सुबह करीब 6 बजे खुनुवा बॉर्डर क्षेत्र के ग्राम परसौना में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सफेद बोरियों में संदिग्ध सामान लेकर नेपाल की तरफ जाने वाला है।
सूचना पर संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर भारत-नेपाल नो मैन्स लैंड से करीब 150 मीटर पहले मोटरसाइकिल सवार युवक को पकड़ लिया। उसकी पहचान धर्मेश उर्फ टिड्डा पुत्र ब्रह्मानन्द, निवासी परसौना, थाना शोहरतगढ़, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चार अलग-अलग बोरियों में करीब 50.800 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए। इसके अलावा होंडा साइन मोटरसाइकिल संख्या UP55F 6163 भी बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक, बरामद पटाखों, मोटरसाइकिल और गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय खुनुवा भेजा गया है।
संयुक्त टीम में शामिल रहे अधिकारी एवं कर्मचारी
शोहरतगढ़ पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक विजय कुमार सिंह (चौकी प्रभारी खुनुवा), हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल अनिल गुप्ता, अजीत यादव और पप्पू गुप्ता शामिल रहे।
वहीं एसएसबी की ओर से उपनिरीक्षक हमीर सिंह, मुख्य आरक्षी अजय वीर तथा आरक्षी रामदास विपिन कन्नौजिया, शिवा, इन्दर सिंह गुर्जर और अजीत कुमार शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, दीपावली पर्व को देखते हुए भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों एवं तस्करी की रोकथाम के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।




