झाड़ू लगाते समय सांप ने डसा, 28 वर्षीय महिला की मौत

महराजगंज बृजमनगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सौरहा के टोला पिपरहना में मंगलवार को सर्पदंश से 28 वर्षीय विवाहित महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार, नंदनी अपने घर में झाड़ू लगा रही थी। इसी दौरान सामने पड़ी एक रस्सी को हटाने के लिए जैसे ही उसने हाथ बढ़ाया, वहां मौजूद सांप ने उसे डस लिया। सर्पदंश के बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी।
परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में नंदनी को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पति का नाम हरिशंद्र बताया गया है। नंदनी के दो छोटे बेटे हैं, जिनकी उम्र 8 और 6 वर्ष है। मां की मौत से दोनों बच्चों समेत परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रधान प्रतिनिधि दिलीप गुप्ता समेत अन्य ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।




