सिद्धार्थनगर: चोरी के ट्रैक्टर-ट्राली के साथ आरोपी गिरफ्तार, तमंचा और कारतूस बरामद

सिद्धार्थनगर। बांसी थाना पुलिस, एंटी थेफ्ट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने ट्रैक्टर-ट्राली चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 8 लाख रुपये कीमत का ट्रैक्टर-ट्राली, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त 2026 की रात ग्राम भरथना, पोस्ट तेलौरा स्थित गिट्टी प्लांट से ट्रैक्टर-ट्राली चोरी हुई थी। इस मामले में 26 अगस्त को बांसी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
12/13 अक्टूबर की रात पुलिस टीम काजी रुधौली से देवरिया जाने वाली नहर पटरी पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ट्रैक्टर-ट्राली लेकर आ रहे सोनू थाना खेसरहा को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्राली चोरी की थी और आरोपी उसे बेचने के लिए संतकबीरनगर ले जा रहा था। तलाशी में तमंचा और कारतूस भी बरामद हुए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 बढ़ाते हुए उसे 13 अक्टूबर को न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ चोरी, लूट से संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न मामलों में पहले भी मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में बांसी थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी, एंटी थेफ्ट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मिश्र, सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक शशिकांत सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।




