सिद्धार्थनगर: खुनवा बॉर्डर पर 6 बोरी यूरिया के साथ नेपाली नागरिक गिरफ्तार, दो साइकिल बरामद

सिद्धार्थनगर। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। खुनवा सीमा चौकी क्षेत्र में संयुक्त नाका पार्टी ने नेपाल भेजी जा रही 6 बोरी यूरिया खाद और दो साइकिल बरामद करते हुए एक व्यक्ति को पकड़ा है।
जानकारी के मुताबिक, 7 अगस्त 2026 को सीमा स्तंभ संख्या 555 के समीप संयुक्त टीम नाका ड्यूटी पर थी। इसी दौरान दो व्यक्ति साइकिल पर सामान लादकर भारत से नेपाल की ओर जाते दिखाई दिए। टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो एक व्यक्ति नेपाल सीमा के नजदीक होने का फायदा उठाकर साइकिल और सामान छोड़कर फरार हो गया, जबकि दूसरे व्यक्ति को टीम ने पकड़ लिया।
पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम परमात्मा वनिया पुत्र रामदास, उम्र 44 वर्ष, निवासी ग्राम यशोधरा, गांव पालिका वार्ड नंबर-08, जिला कपिलवस्तु, नेपाल बताया। आरोपी के पास से 6 बोरी यूरिया खाद बरामद हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वह यूरिया खाद सोहरतगढ़ से लेकर नेपाल जा रहा था, जहां उसे अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी।
आवश्यक कागजात नहीं मिलने पर एसएसबी और पुलिस टीम ने 6 बोरी यूरिया तथा दो साइकिल जब्त कर लीं। पकड़े गए व्यक्ति और बरामद सामान को अग्रिम कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय खुनवा के सुपुर्द किया जा रहा है।
एसएसबी के अनुसार, भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी, मानव तस्करी, नशीली दवाओं, अवैध मुद्रा, वन्यजीव और अन्य प्रतिबंधित सामानों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।




