कारपेंटर ने की आत्महत्या, तीन नाबालिग बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

महराजगंज। कोल्हुई कस्बे के सोनारी गली निवासी 35 वर्षीय कारपेंटर दिनेश प्रजापति ने गुरुवार देर रात कथित रूप से आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह कमरे में उसका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पत्नी से हुई थी कहासुनी
परिजनों के मुताबिक, दिनेश गुरुवार देर रात नशे की हालत में घर पहुंचा था। इसी दौरान पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद के बाद वह कमरे में चला गया, जबकि पत्नी अपने तीनों नाबालिग बच्चों के साथ छत पर सोने चली गई।
शुक्रवार सुबह बच्चों ने पिता को जगाने का प्रयास किया, लेकिन कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा खोलकर देखा तो दिनेश मृत अवस्था में मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
शराब की लत को लेकर होती थी कहासुनी
बताया जा रहा है कि दिनेश को शराब पीने की आदत थी। पत्नी अक्सर उसे शराब छोड़ने और बच्चों के भविष्य को लेकर समझाती थी। परिजनों के अनुसार, इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई बार कहासुनी होती थी।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
दिनेश के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटी और दो बेटे हैं। तीनों बच्चे नाबालिग हैं। पिता की मौत के बाद बच्चों के पालन-पोषण और परिवार के भविष्य को लेकर संकट खड़ा हो गया है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना पर पहुंची कोल्हुई पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कस्बा इंचार्ज राजीव सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।




