सिद्धार्थनगर: एसएसबी ने खाद तस्करी की कोशिश नाकाम की, यूरिया-फॉस्फेट व बाइक के साथ नेपाली नागरिक पकड़ा

सिद्धार्थनगर: एसएसबी ने खाद तस्करी की कोशिश नाकाम की, यूरिया-फॉस्फेट व बाइक के साथ नेपाली नागरिक पकड़ा
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी रोकने के अभियान के तहत 43वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की सीमा चौकी कपसिहवा की टीम ने खाद तस्करी की एक और कोशिश विफल कर दी। कार्रवाई के दौरान एक नेपाली नागरिक को 01 बोरी यूरिया, 02 बोरी फॉस्फेट खाद और एक मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया गया।
एसएसबी के अनुसार, 05 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 2:55 बजे सीमा स्तंभ संख्या 560 से लगभग 300 मीटर की दूरी तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा से 10 मीटर भारत की ओर स्टैटिक ड्यूटी के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति को भारत से नेपाल की ओर संदिग्ध अवस्था में जाते हुए रोका गया।
पूछताछ में उसने बताया कि वह गणेशपुर से 01 बोरी यूरिया और 02 बोरी फॉस्फेट खाद लेकर नेपाल में अधिक कीमत पर बेचने के उद्देश्य से जा रहा था। जांच के दौरान वह खाद से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पकड़े गए व्यक्ति की पहचान सूरज प्रसाद पुत्र राम छबिले कुर्मी, निवासी ग्राम सनोगैरहवा, नेपाल के रूप में हुई। एसएसबी ने 01 बोरी यूरिया, 02 बोरी फॉस्फेट खाद और मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी सहित अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय, बढ़नी को सुपुर्द कर दिया।
एसएसबी ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी, मानव तस्करी, नशीले पदार्थ, अवैध मुद्रा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए 43वीं वाहिनी लगातार नाका, गश्त और विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई कर रही है।




