भारत-नेपाल सीमा पर अमेरिकी नागरिक पकड़ा गया, पासपोर्ट-वीजा नहीं मिला

महराजगंज : सोनौली: भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (SSB) के जवानों ने एक अमेरिकी नागरिक को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई 2026 को सीमा स्तंभ संख्या 516 के पास ग्राम श्यामकाट टोला, जसवल के समीप एक विदेशी नागरिक भारत से नेपाल जाने का प्रयास कर रहा था। जवानों ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन वह भागने लगा। इसके बाद SSB जवानों ने ग्रामीणों की मदद से पीछा कर उसे सुरक्षित पकड़ लिया।
पूछताछ में उसकी पहचान जॉर्डन ब्राउन (34 वर्ष), पुत्र डान ब्राउन, निवासी न्यूजर्सी (अमेरिका) के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में उसके पास पासपोर्ट, वीजा या अन्य वैध यात्रा दस्तावेज नहीं मिले।
फिलहाल विदेशी नागरिक से SSB कैंप सोनौली में पूछताछ की गई है और उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कोतवाली सोनौली को सौंपने की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उसने अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था।




