लेदवा मेले में बिछड़े 18 बच्चों को पुलिस ने परिजनों से मिलाया, परिवारों ने जताया आभार

सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के लेदवा मेले में बिछड़े 18 बच्चों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खोया-पाया केंद्र के माध्यम से सकुशल उनके परिजनों से मिलाया। अपने बच्चों को वापस पाकर परिजनों ने शोहरतगढ़ पुलिस की मानवीय पहल की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, 24 नवंबर को लेदवा मेला क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी लगाई गई थी। इसी क्रम में मिशन शक्ति टीम को खोया-पाया केंद्र की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

मेले के दौरान बिछड़े कुल 18 बच्चों को मिशन शक्ति टीम एवं मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द किया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक अरविंद शर्मा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस की इस तत्परता से मेले में बिछड़े बच्चों के परिजनों ने राहत की सांस ली।




