चोरी की कई वारदातों का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार; जेवर व ₹22,300 नकद बरामद

महराजगंज। जनपद में चोरी की घटनाओं के खुलासे में थाना सोनौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी के मामलों में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के जेवरात और ₹22,300 नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में अभियुक्त का संबंध थाना सोनौली और थाना नौतनवा क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामलों से सामने आया है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी नौतनवा के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना सोनौली पुलिस ने शुक्रवार को ग्राम तिलहवा क्षेत्र से मईन अंसारी उर्फ टिंकल (26 वर्ष), निवासी कोल्हुई बाजार, थाना कोल्हुई, जनपद महराजगंज को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, अभियुक्त के कब्जे से चोरी की तीन जोड़ी पायल, पांच जोड़ी बिछिया तथा कुल ₹22,300 नकद बरामद हुए। बरामद नकदी में ₹18,300 भारतीय मुद्रा और ₹4,000 नेपाली मुद्रा शामिल है।
पूछताछ एवं बरामदगी के आधार पर अभियुक्त की संलिप्तता थाना सोनौली एवं थाना नौतनवा में दर्ज चोरी के मामलों में पाई गई। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए अभियुक्त को न्यायालय में पेश कर दिया।
बरामदगी
– 03 जोड़ी पायल (सफेद धातु)
– 05 जोड़ी बिछिया (सफेद धातु)
– ₹18,300 भारतीय मुद्रा
– ₹4,000 नेपाली मुद्रा
– कुल नकद बरामदगी: ₹22,300
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
– उपनिरीक्षक उमाकांत सरोज
– कांस्टेबल संदीप निषाद
– कांस्टेबल अनूप मिश्र
– कांस्टेबल वासुदेव यादव




