Welcome to Rahasya News   Click to listen highlighted text! Welcome to Rahasya News
Uncategorized

प्रेम प्रसंग में युवती की आत्महत्या का बदला लेने के लिए की गई युवक की हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार

सिद्धार्थनगर। थाना मोहाना क्षेत्र के ग्राम पिपरहवा में हुए युवक की जघन्य हत्या कांड का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना मोहाना पुलिस तथा जनपदीय एसओजी एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हत्या में शामिल तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान (आईपीएस) के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी मोहाना जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने मुकदमा संख्या 93/2026, धारा 103(1), 3(5), 61(2) बीएनएस से संबंधित तीन आरोपियों को मगरहिया मोड़ के पास से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में तिवारी लोध (43 वर्ष), रमेश लोध (42 वर्ष) तथा आनंद लोध (20 वर्ष) निवासी दुल्हा सुमाली टोला पिपरहवा, थाना मोहाना शामिल हैं।

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक मुकेश गुप्ता का आनंद लोध की बहन उषा के साथ प्रेम संबंध था। आरोप है कि इसी संबंध को लेकर अक्टूबर 2025 में उषा ने आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद मुकेश नेपाल चला गया और बाद में मुंबई में रहने लगा।

आरोपियों के अनुसार, वे तभी से मुकेश की हत्या की योजना बना रहे थे। 9 जून 2026 को मुकेश के घर लौटने की जानकारी मिलने पर तिवारी लोध मुंबई से नौगढ़ पहुंचा। इसके बाद तीनों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।

छत पर सो रहे युवक की गर्दन काटकर हत्या

पुलिस के मुताबिक, 16 जून की रात रमेश लोध ने मुकेश के घर के आसपास निगरानी कर यह जानकारी दी कि वह घर की छत पर अकेला सो रहा है। इसके बाद तिवारी लोध और आनंद लोध छत पर पहुंचे।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि तिवारी लोध ने मुकेश के पैर पकड़ लिए, जबकि आनंद लोध ने पहले से खरीदे गए गड़ासे से उसकी गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। घटना के दौरान रमेश लोध बाहर निगरानी करता रहा। हत्या के बाद तीनों मौके से फरार हो गए।

एक आरोपी पर पहले भी हत्या का मुकदमा

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी तिवारी लोध के विरुद्ध पूर्व में भी हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। उसके खिलाफ वर्ष 2021 में कोतवाली सिद्धार्थनगर में हत्या और साजिश से संबंधित मामला दर्ज हुआ था।

इन टीमों ने निभाई अहम भूमिका

हत्या कांड के खुलासे में थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह, एसओजी प्रभारी चंद्रकांत पांडेय व उनकी टीम, सर्विलांस प्रभारी हरेंद्र चौहाना व उनकी टीम, उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल अशोक कुमार तथा आरक्षी अभिषेक प्रताप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!