मिट्टी लदे डंपर की टक्कर से युवक की मौत, एक गंभीर घायल

सिद्धार्थनगर। जिले के मोहाना थाना क्षेत्र में सिकरी-लोटन मार्ग पर पननी गांव के समीप फुलवरिया मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, पननी की ओर से आ रहे मिट्टी लदे डंपर ने नेपाली नंबर की एक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर जा गिरे।
हादसे में रामजीवन पुत्र दशरथ (30 वर्ष), निवासी चनरैया थाना लोटन की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सोनू पुत्र सिकंदर (26 वर्ष), नेपाल निवासी गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोटन से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक नेपाल के लुंबिनी क्षेत्र में आयोजित एक मुंडन संस्कार कार्यक्रम में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान फुलवरिया मोड़ के पास यह हादसा हो गया।
घटना के बाद डंपर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मोहाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार चालक और वाहन की तलाश में जुटी हुई है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।




