मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम और एसपी ने श्यामदेउरवा थाने पर सुनीं जनसमस्याएं, समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

महराजगंज। थाना श्यामदेउरवा में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें मंडलायुक्त गोरखपुर, पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र, जिलाधिकारी महराजगंज और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
अधिकारियों ने शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर जांच करने तथा आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन को स्थानीय स्तर पर त्वरित न्याय दिलाना है। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





