छह माह पहले हुई थी शादी, विवाहिता की फंदे से लटकता मिला शव
घटना के बाद परिवार में मचा कोहराम, घरेलू प्रताड़ना का आरोप; पुलिस ने शुरू की जांच

महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र के चैनपुर टोला भूड़कुड़वा में शुक्रवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। विवाहिता का शव फंदे से लटकता मिला। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान लक्ष्मी पत्नी विनोद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लक्ष्मी की शादी करीब छह माह पहले ही हुई थी। शादी के कुछ ही महीनों बाद हुई इस मौत से परिवार और गांव के लोग स्तब्ध हैं।
घटना की सूचना पर
सीओ फरेंदा दीपशिखा वर्मा, नायब तहसीलदार सुदेव पटेल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस विवाहिता की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
वहीं, मायके पक्ष के लोगों ने घरेलू प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
एसओ आलोक सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मायके पक्ष से तहरीर मिलने पर उसके आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।




