महराजगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी: SIM Box के जरिए चल रहे अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी रैकेट का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार

महराजगंज। महराजगंज पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए SIM Box के माध्यम से संचालित अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में मो. नबीश (28 वर्ष), निवासी इस्लामपुर, थाना जयनगर, जिला मधुबनी (बिहार) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘साइबर फ्रॉड/हॉटस्पॉट अभियान’ के तहत साइबर थाना, एसओजी और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली।
कैसे करता था ठगी?
पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी और दूसरे लोगों के दस्तावेजों पर जारी सिम कार्डों का इस्तेमाल कर 32 स्लॉट वाले SIM Box के जरिए इंटरनेट (VoIP) से आने वाली अंतरराष्ट्रीय कॉलों को स्थानीय मोबाइल कॉल में बदल देता था। इससे कॉल की वास्तविक पहचान छिप जाती थी और इसी माध्यम से फर्जी कॉल, OTP फ्रॉड, साइबर ठगी समेत कई अपराधों को अंजाम दिया जाता था। इससे दूरसंचार कंपनियों को भी राजस्व का नुकसान होता था।
बरामद सामान
32 स्लॉट का 01 SIM Box
151 सक्रिय सिम कार्ड
02 कीपैड मोबाइल फोन
01 वाई-फाई राउटर
03 LAN केबल
02 पावर एडॉप्टर
02 फर्जी आधार कार्ड
01 काला बैग
आरोपी के खिलाफ साइबर क्राइम थाना महराजगंज में भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय दूरसंचार अधिनियम-2023 और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस उल्लेखनीय सफलता पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने पूरी पुलिस टीम को ₹25,000 के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
पुलिस की अपील: किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या ऑनलाइन ठगी की सूचना तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस/साइबर थाने को दें।




