सोनौली सीमा पर 2.3 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा के साथ भारतीय नागरिक गिरफ्तार

महराजगंज । भारत-नेपाल सीमा स्थित अंतरराष्ट्रीय व्यापार एवं पारगमन मार्ग सोनौली पर सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक भारतीय नागरिक को लगभग 2.3 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा (वीड) के साथ गिरफ्तार किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेपाल से भारत में प्रवेश कर रहे एक संदिग्ध व्यक्ति के बैग की एक्स-रे स्कैनिंग के दौरान संदिग्ध सामग्री दिखाई दी। इसके बाद सुरक्षा बलों ने विस्तृत तलाशी अभियान चलाया, जिसमें उसके कब्जे से करीब 2.3 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान मोहम्मद इथरिस अंसार, निवासी रामनाथपुरम, तमिलनाडु के रूप में बताई। प्रारंभिक जांच में उसकी नेपाल और थाईलैंड यात्राओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों ने बरामद मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही संभावित तस्करी नेटवर्क और इस मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
यह कार्रवाई 22वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के बी समवाय, सोनौली तथा स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। अभियान में सहायक कमांडेंट सुश्री प्रिया यादव, उपनिरीक्षक रामलाल, आरक्षी गौरव तिवारी, सुंदर लक्ष्मी एम तथा पुलिस विभाग से उपनिरीक्षक अरविंद कुमार, आरक्षी धीरज साह और अश्विनी यादव शामिल रहे।
इस सफलता को सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।




