फरेन्दा पुलिस ने 40 चोरी के मोबाइल फोन के साथ पुरुष और महिला को गिरफ्तार किया

महराजगंज। फरेन्दा पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन बरामदगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पुरुष और एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के कुल 40 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिन्हें आठ अलग-अलग पैकेटों में रखा गया था।
पुलिस के अनुसार, 21 नवंबर को नेशनल हाईवे की सर्विस लेन पर बस स्टॉप बोर्ड के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान मनमोहन सिंह राणा (41), निवासी नई दिल्ली और संगीता सिंह (42), निवासी देहरादून, उत्तराखंड के रूप में हुई है।
बरामद मोबाइल फोन में 14 वनप्लस, 8 एप्पल आईफोन, 6 रेडमी, 4 वीवो, 2 सैमसंग, 2 नथिंग, 2 ओप्पो, 1 पोको और 1 रियलमी कंपनी का मोबाइल शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी थाना फरेन्दा में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 326/2026, धारा 317(2) बीएनएस के मामले में वांछित थे। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी फरेन्दा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।




