Uncategorized

कूड़ा नदी हादसे में बड़ा अपडेट: तीसरे दिन मिले दोनों लापता छात्रों के शव, गौतम की 500 तो आदित्य की 600 मीटर दूर मिली बॉडी

लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान नदी में डूबे थे कक्षा 12 के दोनों छात्र, शव मिलते ही परिजनों में मचा कोहराम, मौके पर विधायक श्यामधनी राही समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद।

सिद्धार्थनगर। मोहाना थाना क्षेत्र के मुजहना गांव के पास कूड़ा नदी में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान डूबे दो इंटरमीडिएट छात्रों की तलाश आखिरकार खत्म हुई, लेकिन यह खबर दोनों परिवारों के लिए जिंदगी का सबसे बड़ा दुख लेकर आई। तीसरे दिन तलाशी अभियान के दौरान दोनों छात्रों के शव बरामद कर लिए गए।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को प्रतिमा विसर्जन के दौरान नदी में डूबे गौतम और आदित्य की तलाश लगातार की जा रही थी। तलाशी के दौरान पहली बॉडी गौतम की घटनास्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर मिली, जबकि दूसरी बॉडी आदित्य की घटनास्थल से लगभग 600 मीटर दूर बरामद हुई।

शव मिलते ही परिजनों में मचा कोहराम

दोनों छात्रों के शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस उम्मीद के साथ परिवार और ग्रामीण दोनों छात्रों के सुरक्षित मिलने की प्रार्थना कर रहे थे, वह उम्मीद अब मातम में बदल गई।

मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद

घटनास्थल पर लोटन और मोहाना थाने की पुलिस टीम मौजूद रही। इसके अलावा सीओ सदर विश्वजीत सौरयान , कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, तहसीलदार सदर और हल्का लेखपाल रणधीर राणा भी मौके पर मौजूद रहे।

चार दिनों तक पूजा और उत्सव में डूबे गांव में अब गम का माहौल है। दो परिवारों के चिराग बुझने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!