Uncategorized

सिद्धार्थनगर: फुल्की खाने से 100 से अधिक लोग बीमार, 17 बच्चों समेत 22 मरीज मेडिकल कॉलेज में भर्ती; डीएम पहुंचे अस्पताल, CMO ने गांव में लिया जायजा

सिद्धार्थनगर। जिले के खेसराहा थाना क्षेत्र के कलनाखोर और पेडारी गांव में फुल्की (पानी पूरी) खाने के बाद 100 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। फूड प्वाइजनिंग की आशंका के बीच बीमार लोगों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. संजय दोहरे मेडिकल टीम के साथ प्रभावित गांव पहुंचे। उन्होंने गांव में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। साथ ही बीमार लोगों के उपचार और स्वास्थ्य विभाग की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

वहीं, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए मेडिकल कॉलेज पहुंचकर भर्ती मरीजों का हाल जाना। डीएम ने एमसीएच विंग में भर्ती पांच मरीजों और पीआईसीयू में भर्ती 17 बच्चों समेत कुल 22 मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने मरीजों के परिजनों से बातचीत कर उनकी तबीयत और अब तक मिले उपचार की जानकारी ली तथा बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया।

जिलाधिकारी ने सीएमएस और संबंधित चिकित्सकों को निर्देश दिया कि मरीजों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी मरीजों को आवश्यक दवाएं, जांच और अन्य चिकित्सा सुविधाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। खासकर बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी रखने और उनकी स्थिति के अनुसार बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने से प्रभावित गांवों में चिंता का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग की टीम पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर फुल्की खाने के बाद इतनी बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत कैसे बिगड़ी? पानी पूरी में ऐसा क्या था, जिससे 100 से अधिक लोग बीमार पड़ गए?
खाद्य पदार्थों की जांच और स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

रहस्य न्यूज की नजर पूरे मामले पर बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!