नौतनवां में डीसीएम से 70 गत्तों में अवैध पटाखे बरामद, दो गिरफ्तार

महराजगंज। दीपावली से पहले नौतनवां पुलिस ने अवैध विस्फोटक पदार्थों एवं आतिशबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कस्बे के वार्ड नंबर 10 शास्त्रीनगर स्थित गायत्री मंदिर के पास एक डीसीएम वाहन की जांच के दौरान 70 गत्तों में विभिन्न प्रकार के अवैध विस्फोटक पदार्थ और आतिशबाजी के पटाखे बरामद किए। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना नौतनवां पुलिस ने डीसीएम वाहन संख्या UP53HT1335 की जांच की। तलाशी के दौरान वाहन में रखे 70 गत्तों से चकरी, सुतली बम, छुरछुरी, स्काई बम, फुलझरी सहित विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी बरामद हुई।
पुलिस ने मौके से राकेश दूबे पुत्र सुरेन्द्र दूबे, निवासी दुबौली, पोस्ट महेन, थाना मदनपुर, जनपद देवरिया, उम्र करीब 55 वर्ष तथा कन्हैया पुत्र योगेन्द्र प्रसाद, निवासी गजरही, थाना नौतनवां, जनपद महराजगंज, उम्र करीब 42 वर्ष को गिरफ्तार किया।
इस मामले में थाना नौतनवां में मु0अ0सं0 182/2026 के तहत धारा 5/9(बी) विस्फोटक अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी में 70 गत्तों में विभिन्न प्रकार के अवैध विस्फोटक पदार्थ एवं आतिशबाजी तथा एक डीसीएम वाहन शामिल है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह, उपनिरीक्षक शेर बहादुर यादव, उपनिरीक्षक रोहित यादव, FSSO राजेन्द्र प्रसाद मय अग्निशमन टीम, कांस्टेबल मनीष यादव, आरक्षी हिमांशु सिंह, कांस्टेबल शंकर दयाल, कांस्टेबल अनुप तिवारी और कांस्टेबल रिषभ सिंह शामिल रहे।




