नौतनवा पुलिस की तत्परता, दो नाबालिग बालक पांच घंटे में सकुशल बरामद

महराजगंज। थाना नौतनवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता हुए दो नाबालिग बालकों को महज पांच घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। दोनों बालकों की बरामदगी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना नौतनवा में दर्ज मु0अ0सं0 173/2026, धारा 137(2) बीएनएस से संबंधित दो नाबालिग बालकों की तलाश की जा रही थी। सूचना मिलते ही नौतनवा पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए संभावित स्थानों पर तलाश और जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने दोनों बालकों को 10 सितंबर 2026 को शाम करीब पांच बजे ग्राम नईकोट के बहद, थाना नौतनवा क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। बरामद बालकों की पहचान 12 वर्षीय हनजला और 11 वर्षीय हुसैन, पुत्रगण स्वर्गीय जहरुद्दीन के रूप में हुई है।
बरामदगी के बाद दोनों नाबालिगों को आवश्यक विधिक प्रक्रिया के उपरांत उनके परिजनों को सौंप दिया गया। बच्चों के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष नौतनवा अभिषेक सिंह, उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह चौकी प्रभारी सम्पतिहा, हेड कांस्टेबल सतीष कुमार, कांस्टेबल शैलेन्द्र, कांस्टेबल सुनील सिंह यादव, कांस्टेबल शरद यादव और कांस्टेबल ऋषभ सिंह शामिल रहे।




