अंतिम संस्कार के बाद बाणगंगा नदी में नहाने उतरे तीन युवक डूबे, देर शाम तक चला रेस्क्यू अभियान

सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बैदौली घाट पर गुरुवार दोपहर अंतिम संस्कार के बाद बाणगंगा नदी में स्नान करने उतरे तीन युवक गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया।
जानकारी के अनुसार, जोगिया ब्लॉक की ग्राम पंचायत माधवापुर के टोला मिझुनिया निवासी कंचन (85) के अंतिम संस्कार के बाद उनके नाती शिवा चौहान (17) और रवि वरुण (17) नदी में स्नान करने उतरे थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए। उन्हें बचाने के प्रयास में मोनू वरुण (18) भी नदी में कूद गया और तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गया।
ग्रामीणों ने काफी देर तक अपने स्तर से तीनों युवकों की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही उपजिलाधिकारी राजेश कुमार, क्षेत्राधिकारी मयंक द्विवेदी, तहसीलदार प्रकाश सिंह यादव और थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।
विधायक विनय वर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने देर शाम तक नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया। समाचार लिखे जाने तक तीनों युवकों की तलाश जारी थी।
प्रशासन ने लोगों से बरसात के मौसम में नदी और अन्य जलस्रोतों के गहरे पानी में उतरने से बचने तथा विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।




