Uncategorized

महराजगंज: कोल्हुई पुलिस ने लावारिस साइकिल के साथ 10 बोरी यूरिया खाद की बरामदगी दिखाई, लेकिन उठ रहे कई सवाल

महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर खाद की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोल्हुई पुलिस ने 10 बोरी भारतीय यूरिया खाद और एक पुरानी लावारिस साइकिल बरामद करने का दावा किया है। बरामद सामान को कस्टम अधिनियम की धारा 113 के तहत अग्रिम कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार (06 अगस्त 2026) को उपनिरीक्षक पंकज सिंह, कांस्टेबल आशुतोष कुमार और कांस्टेबल शैलेश सिंह की टीम ने लावारिस हालत में 10 बोरी भारतीय यूरिया खाद तथा एक पुरानी साइकिल बरामद की। इसके बाद बरामद माल को थाना कोल्हुई लाकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की गई।

हालांकि इस बरामदगी को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति में यह नहीं बताया गया है कि बरामदगी आखिर किस स्थान से हुई। इसके अलावा सबसे बड़ा सवाल यह है कि एक पुरानी साइकिल के साथ 10 बोरी यूरिया खाद कैसे लाई जा रही थी, जबकि एक साइकिल पर इतनी मात्रा में खाद ले जाना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं माना जाता।

प्रेस विज्ञप्ति में यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि खाद सड़क किनारे पड़ी मिली, किसी वाहन से बरामद हुई या किसी अन्य स्थान पर छोड़ दी गई थी। बरामदगी स्थल और परिस्थितियों का उल्लेख न होने से पूरे मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

पुलिस का कहना है कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में खाद की अवैध तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। वहीं अब लोगों की नजर इस बात पर है कि क्या पुलिस इस बरामदगी से जुड़े अनुत्तरित सवालों का भी जवाब देगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!