महराजगंज: फरेन्दा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 60 लीटर कच्ची शराब बरामद, 20 कुंतल लहन नष्ट; 4 गिरफ्तार

महराजगंज। जनपद में अवैध कच्ची शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फरेन्दा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 60 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके पर लगभग 18 से 20 कुंतल लहन नष्ट करते हुए एक पुरुष और तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर चल रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी फरेन्दा दीपशिखा वर्मा के नेतृत्व में थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान ग्राम निरनाम पश्चिमी टोला, नगेशरपुर में छापेमारी कर अवैध शराब बनाने के ठिकाने का भंडाफोड़ किया गया।
पुलिस ने मौके से 60 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की, जबकि शराब बनाने में प्रयुक्त 18-20 कुंतल लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
इस मामले में शिवशंकर यादव उर्फ सिनक, कुसमावती, प्रमिला साहनी और मालती को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में फरेन्दा थाने के थानाध्यक्ष समेत उपनिरीक्षकों, महिला पुलिसकर्मियों और अन्य पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम शामिल रही।




