पूर्व ग्राम प्रधान पर रिकवरी की कार्रवाई तेज, खेत में गाड़ी गई कुर्की की झंडी

महराजगंज। लक्ष्मीपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत बहोरपुर के पूर्व ग्राम प्रधान सब्बीर अहमद के खिलाफ वित्तीय अनियमितता के मामले में प्रशासन ने रिकवरी की कार्रवाई तेज कर दी है। करीब 17.95 लाख रुपये की रिकवरी से संबंधित जिलाधिकारी के आदेश के विरुद्ध पूर्व ग्राम प्रधान द्वारा दायर की गई अपील सक्षम प्राधिकारी द्वारा खारिज किए जाने के बाद तहसील नौतनवा की राजस्व टीम ने उनकी कृषि भूमि पर कुर्की की कार्रवाई शुरू कर दी है। टीम ने खेत में कुर्की की झंडी गाड़ने के साथ ही संबंधित आदेश भी चस्पा कर दिया।
मामला वर्ष 2015 से 2020 के बीच ग्राम पंचायत बहोरपुर में कराए गए विकास कार्यों में कथित वित्तीय अनियमितता से जुड़ा है। जांच के दौरान स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वीकृत 400 से अधिक शौचालयों में से 136 शौचालयों का निर्माण नहीं होने तथा 32 सोलर लाइटों के स्थान पर महज 25 सोलर लाइट लगाए जाने की पुष्टि हुई थी।
जांच रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी ने पूर्व ग्राम प्रधान सब्बीर अहमद को करीब 17.95 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता के लिए जिम्मेदार मानते हुए रिकवरी के आदेश जारी किए थे। इसके साथ ही संबंधित ग्राम सचिव के विरुद्ध भी विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
वहीं, पूर्व ग्राम प्रधान ने सभी शौचालयों का निर्माण कराए जाने का दावा करते हुए अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया था और जिलाधिकारी के आदेश के खिलाफ अपील दायर की थी। हालांकि, अभिलेखों और जांच रिपोर्ट के परीक्षण के बाद सक्षम अपीलीय प्राधिकारी ने उनकी अपील को खारिज कर दिया।
अपील खारिज होने के बाद अब राजस्व विभाग ने रिकवरी की कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए कृषि भूमि पर कुर्की की प्रक्रिया शुरू कर दी है। खेत में कुर्की की झंडी गाड़े जाने और आदेश चस्पा किए जाने के बाद मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है।




