Uncategorized

थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह की मेहनत लाई रंग, 41 मुकदमों वाला शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, दो चोरी की बाइक बरामद

महराजगंज। थाना नौतनवा पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 41 आपराधिक मुकदमों वाले एक अंतरजनपदीय शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे एवं निशानदेही पर दो चोरी की मोटरसाइकिलें, नेपाल में चोरी की गई एक बाइक बेचने से प्राप्त 5,120 नेपाली रुपये तथा 630 रुपये भारतीय मुद्रा बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम एसएसबी रोड स्थित डंडा नदी पुल के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ एवं बरामदगी के आधार पर थाना नौतनवा, फरेंदा तथा पुरंदरपुर में दर्ज वाहन चोरी के तीन मामलों का सफल अनावरण किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलिराम गुप्ता उर्फ डॉक्टर पुत्र गोविंद गुप्ता, निवासी ग्राम सोनरा, थाना कोतवाली, जनपद महराजगंज (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी डुप्लीकेट चाबी बनाकर मोटरसाइकिलों का लॉक खोलता था और चोरी के वाहनों को नेपाल ले जाकर बेच देता था। आरोपी के विरुद्ध महराजगंज एवं गोरखपुर के विभिन्न थानों में वाहन चोरी, चोरी, धोखाधड़ी, एनडीपीएस एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट सहित कुल 41 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके विस्तृत आपराधिक इतिहास का संकलन कर अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह के साथ उपनिरीक्षक शेर बहादुर यादव, उपनिरीक्षक दिव्यांशु राय, उपनिरीक्षक मनीष पटेल, हेड कांस्टेबल दीपक यादव, कांस्टेबल मनीष यादव एवं कांस्टेबल राणजीत कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!