मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था: 4 जोन, 14 सेक्टर में विभाजित, चप्पे-चप्पे पर सख्त निगरानी
बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा, प्रशासन एवं पुलिस पूर्णत: मुस्तैद

महराजगंज : कल दिनांक 04.05.2026 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनपद महराजगंज में प्रस्तावित आगमन है। मुख्यमंत्री सिसवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रेम सागर पटेल की पत्नी के निधन पर उनके आवास पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देंगे एवं दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
प्रस्तावित कार्यक्रम को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने हेतु जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पिपरा बाबू में कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान हेलीपैड, पार्किंग स्थल, आगमन एवं प्रस्थान मार्गों का गहन जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों द्वारा अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक प्रबंधन, सुदृढ़ बैरिकेडिंग एवं सघन चेकिंग व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए।
ड्यूटी में लगाए गए समस्त पुलिस बल को उच्च स्तर की सतर्कता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु निर्देशित किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की सतत निगरानी की जा रही है, जिससे आयोजन बिना किसी व्यवधान के सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक महराजगंज के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक, 05 क्षेत्राधिकारी (सीओ), 15 प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष, 10 निरीक्षक, 130 उपनिरीक्षक, 600 मुख्य आरक्षी/आरक्षी, 60 महिला आरक्षी, फायर ब्रिगेड तथा 02 कंपनी पीएसी बल तैनात किया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से कार्यक्रम स्थल को 04 जोन एवं 14 सेक्टर में विभाजित किया गया है, जहां प्रत्येक जोन एवं सेक्टर में अधिकारियों की स्पष्ट जिम्मेदारी निर्धारित की गई है।
इसके अतिरिक्त एलआईयू, स्वाट/एसओजी टीमों को अनवरत रूप से सक्रिय किया गया है। भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा की संवेदनशीलता को दृष्टिगत रखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है तथा वीवीआईपी की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए रात्रि में होटल, माल, सराय, ढाबा धर्मशालाओं, संदिग्ध व्यक्ति/ वाहनों आदि एवं विशेष कर नेपाल बॉर्डर से लगने वाले थानों द्वारा बार्डर क्षेत्र की सघन तलाशी व प्रभावी चेकिंग कराई जा रही है। हेलीपैड की सुरक्षा एवं बैरिकेडिंग के निर्माण के प्रारंभ से ही उक्त स्थलों पर शिफ्ट वॉर सशस्त्र गार्ड लगाई गई है। हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल आसपास के क्षेत्रों में विशेष कर खेतों व झाड़ियां एवं परिसर की एंटी सोबोटाज चेकिंग नियमित रूप से कराई जा रही है। सुरक्षा के सभी मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया गया है। जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है।



