Welcome to Rahasya News   Click to listen highlighted text! Welcome to Rahasya News
Uncategorized

बाणगंगा बैराज का डीएम ने किया निरीक्षण, बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत कार्य तेज करने के निर्देश

सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने मंगलवार को बाणगंगा बैराज, शोहरतगढ़ का निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जिलाधिकारी को बाणगंगा नदी के जलस्तर में कमी आने की जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बंधों पर लगातार सतर्क निगरानी रखी जाए और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखी जाएं।

 

इसके बाद जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रभावित ग्राम खैरी शीतल प्रसाद का निरीक्षण किया। मोटरबोट के माध्यम से पानी से घिरे मजरों में पहुंचकर उन्होंने ग्रामीणों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

 

डीएम ने उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ को निर्देश दिया कि बारिश और बाढ़ से खराब हुई फसलों का सर्वे कराया जाए तथा प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। साथ ही बाढ़ प्रभावित मजरों में तत्काल लंच पैकेट का वितरण कराने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ प्रभावित गांवों में बुजुर्गों, महिलाओं, पुरुषों और बीमार व्यक्तियों को चिन्हित किया जाए। इसके अलावा ऐसी गर्भवती महिलाओं की भी पहचान की जाए, जिनका प्रसव अगले 15 से 20 दिनों के भीतर संभावित है। ऐसी महिलाओं को समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था की जाए, ताकि आपात स्थिति में परिवार को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित गांवों में मेडिकल टीम भेजकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए और जरूरत के अनुसार आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

 

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित गांवों में लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और राहत एवं बचाव कार्य में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।

 

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता ड्रेनेज खंड कृपा भारती, सहायक अभियंता ड्रेनेज खंड मालविका जायसवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!