Welcome to Rahasya News   Click to listen highlighted text! Welcome to Rahasya News
Uncategorized

लोटन सीएचसी में दलालों के जमावड़े का आरोप, बाहर की दवाएं और निजी जांच केंद्रों पर मरीजों को भेजने की शिकायत

सिद्धार्थनगर। लोटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मरीजों को लेकर कथित तौर पर दलालों की सक्रियता और निजी पैथोलॉजी सेंटरों पर जांच कराने के लिए भेजे जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सीएचसी परिसर में प्रवेश करते ही कुछ लोग मरीजों और उनके परिजनों से संपर्क कर उन्हें निजी जांच केंद्रों तक ले जाने का प्रयास करते हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, चिकित्सक द्वारा मरीज को देखने और जांच लिखे जाने के बाद कथित दलाल सक्रिय हो जाते हैं और मरीजों को अपनी पसंद की पैथोलॉजी पर ले जाकर जांच के नाम पर मोटी रकम वसूलते हैं। वहीं, समय-समय पर चिकित्सकों द्वारा कथित रूप से बाहर की दवाएं लिखे जाने की शिकायतें भी सामने आने की बात कही जा रही है।

सीएचसी परिसर से कुछ ही दूरी पर कई अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित होने की भी बात सामने आई है। ऐसे में इन सेंटरों की वैधता और मरीजों को वहां भेजे जाने की प्रक्रिया की जांच की मांग उठ रही है।

इसके अलावा लोटन सीएचसी क्षेत्र के ठोठरी, लोटन, सिकरी और बाईपास रोड-बॉर्डर क्षेत्र में कुछ मेडिकल स्टोरों की आड़ में अस्पताल जैसी गतिविधियां संचालित होने के भी आरोप लगाए जा रहे हैं। इन स्थानों पर मरीजों को भर्ती किए जाने की शिकायतों की भी जांच की आवश्यकता बताई जा रही है।

 

मामले को लेकर सीएमओ संजय कुमार दोहरे से बात की गई। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियों को रोकने के लिए संबंधित सीएचसी अधीक्षकों को आदेश दिए गए हैं। यदि इस प्रकार की समस्या सामने आती है तो संबंधित अधीक्षक के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

अब सवाल यह है कि लोटन सीएचसी में मरीजों को निजी जांच केंद्रों तक ले जाने और बाहर की दवाएं लिखे जाने के आरोपों की स्वास्थ्य विभाग द्वारा कितनी गंभीरता से जांच की जाती है और कथित रूप से अस्पताल जैसी गतिविधियां संचालित करने वाले मेडिकल स्टोरों पर क्या कार्रवाई होती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!