न्यायालय के आदेश पर 110 लीटर अवैध शराब का विनष्टीकरण, 13 मुकदमों से जुड़ा था माल

महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में मुकदमाती माल के निस्तारण अभियान के तहत थाना बरगदवा पुलिस ने न्यायालय के आदेश का अनुपालन करते हुए करीब 110 लीटर अवैध शराब का विधिवत विनष्टीकरण कराया।
माननीय अपर सिविल जज (प्रवर खंड)/अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, महराजगंज के 22 जुलाई 2026 के आदेश के अनुपालन में थाना बरगदवा में आबकारी अधिनियम से संबंधित कुल 13 अभियोगों में बरामद अवैध शराब को नियमानुसार नष्ट किया गया।
विनष्टीकरण की कार्रवाई क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह, नायब तहसीलदार नौतनवा सदुवे पटेल, प्रभारी निरीक्षक थाना बरगदवा धनंजय कुमार राय समेत पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में संपन्न हुई। इस दौरान नियमानुसार पंचनामा तैयार किया गया तथा पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई। इसके बाद थाना परिसर में गड्ढा खोदकर बरामद अवैध शराब को नष्ट कर दिया गया।




