Uncategorized

सिद्धार्थनगर: मोबाइल दुकान समेत चोरी की दो घटनाओं का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

बहादुरगंज की जेके मोबाइल दुकान से चोरी हुए मोबाइल बरामद, 6 मोबाइल और एसेसरीज के साथ 8,680 रुपये नकद मिले

सिद्धार्थनगर। गोल्हौरा थाना क्षेत्र में चोरी की दो घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जनपदीय एंटी थेफ्ट टीम, गोल्हौरा थाना पुलिस और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के छह मोबाइल फोन, एसेसरीज और 8,680 रुपये नकद बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान पुत्र महबूब निवासी जमलाजोत, थाना गोल्हौरा और हसामुद्दीन पुत्र हमीउद्दीन निवासी हाजीजोत, थाना कपिलवस्तु, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को सोमवार, 2 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर ग्राम अतरमुन नानकार के पास से गिरफ्तार किया।

नेपाल में बेचने जा रहे थे चोरी के मोबाइल

पुलिस के मुताबिक, 21/22 अक्टूबर की रात बहादुरगंज स्थित जेके मोबाइल दुकान में चोरी हुई थी। इस घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमें जांच और संदिग्धों की तलाश में जुटी थीं। इसी दौरान 1/2 नवंबर की रात जिगनिहवा कस्बे में चेकिंग और गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो संदिग्ध अतरमुन नानकार की तरफ से आ रहे हैं।

पुलिस ने दोनों को रोककर तलाशी ली तो उनके कब्जे से छह मोबाइल फोन, एसेसरीज और 8,680 रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी आसिफ पुत्र अब्दुल कासिम निवासी सेमरा, थाना कठेला समय माता के साथ मिलकर बहादुरगंज की जेके मोबाइल दुकान में चोरी की थी। चोरी के मोबाइल नेपाल में बेचने के लिए ले जा रहे थे।

घर में चोरी की वारदात में भी नाम आया

पुलिस के अनुसार, बरामद नकदी के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपियों ने 16/17 अक्टूबर की रात ग्राम वालेजिनवा में एक घर में चोरी करने की बात भी बताई। इस वारदात में भी उनके साथ आसिफ के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।

संयुक्त पुलिस टीम की कार्रवाई

इस कार्रवाई में गोल्हौरा थाना पुलिस के उपनिरीक्षक रवीन्द्र कुमार चन्द्रा, प्रमोद कुमार पाण्डेय, नन्दलाल यादव, दीनदयाल सिंह, एंटी थेफ्ट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!